खंदौली में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाला शातिर गिरफ्तार

आगरा। चोरी की कई घटनाओं में शामिल एक व्यक्ति को पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 53,800 रुपये, सोने व चांदी के आभूषण, आठ किग्रा सफेद व पीली धातु, एलसीडी, मोबाइल बरामद हुआ। आरोपित के विरुद्ध थाना खंदौली, सदर बाजार, एकता और राजस्थान के भरतपुर जिले में दर्जनभर से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि 16 दिसंबर को गश्त के दौरान नेकपुर जाने वाले अंडरपास के पास संदिग्ध हालत में युवक को पकड़ा गया। गिरफ्तार युवक का नाम हरीश कुशवाह निवासी ग्राम शाहपुर चौमा थाना फतेहपुर सीकरी, हाल निवासी सेवला जाट, सदर बाजार है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 53 हजार 800 रुपये, दो मोबाइल, एलसीडी, औजार, मास्टर चाबियां, गैस कटर, स्क्रू रिंच, कैमिकल, तमंचा व कारतूस मिले। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि बरामद सामान चोरी का है। उसने खंदौली के अलावा थाना एकता, सदर बाजार और राजस्थान के भरतपुर जिले में भी चोरी की कई घटनाएं की हैं। बरामद आठ किग्रा 200 ग्राम सफेद व पीली धातु के संबंध में थाना रूपवास, जिला भरतपुर में मुकदमा दर्ज है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *